अंबिकापुर – जिले में युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। कार सवार युवकों ने घटना को अंजाम दिया है। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है। पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
अंबिकापुर से हुआ था युवती का अपहरण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी की रात अंबिकापुर से एक युवती का अपहरण किया गया था. युवती किसी शोरूम की कर्मचारी है और रात में पैदल घर लौट रही थी. इसी दौरान कार सवार चार युवकों ने उसे जबरन खींचकर कार में बैठा लिया और मौके से फरार हो गए. कुछ लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी. जिसके बाद सभी थानों में अलर्ट किया गया.
नाकाबंदी कर मनेंद्रगढ़ में पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध कार को नेशनल हाईवे 43 से मनेंद्रगढ़ की ओर जाते हुए देखा गया. यह सूचना मनेंद्रगढ़ पुलिस को दी गई. पुलिस टीम ने मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी मार्ग पर नाकाबंदी की और कार को रोका. तलाशी के दौरान अपहृत युवती कार के अंदर सुरक्षित मिली.
चार आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. कार और सभी आरोपी MP के बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
सटीक सूचना और रणनीतिक कार्रवाई के चलते बड़ी सफलता पुलिस को मिली है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहरण में शामिल कार सवार चार युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों को एमसीबी जिले से पकड़ा है। साथ ही अपहृत युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती का अपहरण गांधीनगर थाना क्षेत्र से किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा जल्द किया जाएगा। घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी पुलिस सबूत जुटा रही है।






