Home छत्तीसगढ़ राजिम कुंभ 2026 की तैयारियों की पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने की...

राजिम कुंभ 2026 की तैयारियों की पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने की विस्तृत समीक्षा – श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

25
0

रायपुर – छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में राजिम कुंभ (कल्प) मेला 2026 की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने 1 से 15 फरवरी तक गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम पर आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन को गरिमा, दिव्यता और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर और आपसी समन्वय के साथ पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मेला प्रारंभ होने से पहले, यानी 1 फरवरी तक सभी इंतजाम पूरी तरह दुरुस्त होने चाहिए।

समीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, संगम स्नान के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, जल प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, पार्किंग, शटल सेवा, संत-महात्माओं के लिए विश्राम गृह, कांवड़ियों के लिए शेड, चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, दाल-भात केंद्र, पेयजल व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति संगीत, लोकनृत्य, अखाड़ा जुलूस और मीना बाजार सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। मंत्री ने आवश्यक सुधार और तेजी लाने के निर्देश भी दिए। बैठक में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू और इंदर साहू, धर्मस्व विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, रायपुर संभाग के आयुक्त महादेव कावरे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।