दुर्ग – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद शर्मनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बेटी की बीमारी ठीक कराने के लिए बुलाए गए बैगा ने झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता को धमकाया कि यदि उसने किसी को इस घटना की जानकारी दी तो उसे जान से मार देगा। घटना के बाद भयभीत और डरी-सहमी नाबालिग बालिका ने साहस जुटाकर पूरी घटना अपनी मां को बताई। इसके बाद मां ने तत्काल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने स्वयं संज्ञान लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानिए पूरा घटनाक्रम प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला ने 24 दिसंबर को थाना नंदिनी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी की तबीयत खराब थी। बीमारी ठीक कराने के लिए 22 दिसंबर को परसबोड़, जिला बेमेतरा निवासी परमेश्वर बघेल उर्फ बाडू बैगा को झाड़-फूंक कराने अपने घर बुलाया गया था। झाड़-फूंक की प्रक्रिया के बाद आरोपी ने नींबू फेंकने का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित नर्सरी के अंदर ले गया। वहां आरोपी ने नाबालिग को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना के बाद पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसकी जान ले ली जाएगी।
महिला की रिपोर्ट पर थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 345/2025 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(1), 351(3) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी परमेश्वर बघेल उर्फ बाडू बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने 25 दिसंबर को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।






