Home देश उन्नाव दुष्कर्म केस – दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर प्रदर्शन, पीड़िता की मां...

उन्नाव दुष्कर्म केस – दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर प्रदर्शन, पीड़िता की मां ने कहा- सुप्रीम कोर्ट का करेंगी रुख

25
0

नई दिल्ली – 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में सजा काट रहे कुलदीप सिंह सेंगर को सशर्त जमानत देने के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने घोषणा की है विरोध प्रदर्शन तुरंत खत्म कर दिया जाए, नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़िता की मां ने शुक्रवार को कहा कि वह दोषी कुलदीप सेंगर की उम्रकैद की सजा निलंबित किए जाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगी। उन्होंने पिछले हफ्ते आए फैसले के विरोध में दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

पीड़िता की मां ने कहा कि वह हाईकोर्ट इसलिए आई हैं, क्योंकि उनकी बेटी ने असहनीय पीड़ा झेली है। उन्होंने कहा, मैं पूरे हाई कोर्ट को दोष नहीं दे रही हूं, बल्कि सिर्फ उन दो जजों को, जिनके फैसले ने हमारे भरोसे को तोड़ दिया। मां ने आगे कहा कि पहले जजों ने उनके परिवार को न्याय दिलाया था, लेकिन अब आरोपी को जमानत दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह हमारे परिवार के साथ अन्याय है। हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, क्योंकि हमें उस पर भरोसा है।

बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व भाजपा नेता कुलदीप सिंह सेंगर की सजा को अपील लंबित रहने तक निलंबित कर दिया और दिल्ली में रहने समेत कई सख्त शर्तों के साथ जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।

हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत पर पीड़िता की मां ने कहा, “इनकी जमानत खारिज की जाए। हम सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। हमें हाईकोर्ट पर भरोसा नहीं रहा। हमें सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा… मेरे पति के हत्यारों को फांसी की सजा होनी चाहिए।”

महिला कार्यकर्ता योगिता भयाना ने कहा, “पूरे भारत की महिलाएं इस बात से बेहद आहत हैं कि दुष्कर्मी की सजा पलट दी गई है। यह घटना इसी अदालत में घटी है। इसलिए, हम उसी जगह से न्याय की मांग करेंगे जहां अन्याय हुआ है।”