Home छत्तीसगढ़ इस शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर, अधिकारियों-कर्मचारियों...

इस शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर, अधिकारियों-कर्मचारियों को उपस्थित रहने के निर्देश, जानें सरकार ने क्यों लिया यह फैसला

88
0

रायपुर – छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा का पहला शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर 2025 से शुरू होगा। यह सत्र चार दिनों तक चलेगा। इस सत्र में अलग-अलग विषयों पर चर्चा होगी। इसे लेकर सभी तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी बीच अब विधानसभा प्रश्नों की समयसीमा पूरी करने के लिए इस बार शनिवार और रविवार की छुट्टी भी रद्द कर दी गई है। सभी संबंधित विभागों को आदेश दिया गया है कि सप्ताहांत में भी कार्यालय खुले रखकर लंबित जवाब तैयार किए जाएँ।

लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र 2025 के लिए विधानसभा का प्रश्न निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत किया जाना है। इसलिए प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समय पर तैयार करने के लिए शनिवार और रविवार को कार्यालय खुले रहेंगे।
बता दें कि विधानसभा सदस्य 9 दिसंबर से और बैठक वाले दिन सुबह 8 बजे तक ध्यानाकर्षण सूचनाएं, स्थगन प्रस्ताव, नियम 267 क के तहत नोटिस, नए विधानसभा भवन में जमा कर सकेंगे। नए भवन में शीतकालीन सत्र हंगामेदार होने के आसार हैं। पहला दिन यानी 14 दिसंबर को विकसित भारत 2047 पर चर्चा होगी। वहीं इस सत्र में धर्मांतरण संशोधन विधेयक भी लाया जा सकता है।
विधायकों ने सत्र के लिए कुल 628 सवाल सबमिट किए हैं, जिनमें से 604 सवाल ऑनलाइन और 24 सवाल ऑफलाइन सबमिट किए गए हैं। ये सवाल मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था, धान खरीद में दिक्कतें, खराब सड़कें, राशन डिस्ट्रीब्यूशन और एडमिनिस्ट्रेटिव गड़बड़ियों जैसे मुद्दों से जुड़े हैं। उम्मीद है कि असेंबली में इन टॉपिक पर ज़ोरदार बहस होगी।