नई दिल्ली – संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से ठीक पहले विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक (INDIA Bloc) में दरार साफ नजर आने लगी है. सोमवार सुबह जब कांग्रेस ने अपने सहयोगियों के साथ बैठक बुलाकर साझा रणनीति तैयार करने की कोशिश की, तो तृणमूल कांग्रेस (TMC) बैठक में पहुंची ही नहीं. इससे विपक्षी एकता पर सवाल खड़े हो गए हैं.
शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन परिसर स्थित कार्यालय में सोमवार सुबह इंडिया ब्लॉक फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी भी मौजूद रहे. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव भी इस बैठक में पहुंचे, लेकिन टीएमसी की गैरहाज़िरी सबसे ज्यादा चर्चा में रही.
इंडिया ब्लॉक से क्यों दूर हुई TMC?
पार्टी के सूत्रों ने साफ कहा कि जब कांग्रेस पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी के खिलाफ लड़ने की तैयारी कर रही है, तो ‘दिल्ली में हर बार उनके साथ मंच साझा करने का क्या मतलब?’ यानी TMC ने संकेत दे दिया है कि बंगाल की राजनीतिक लड़ाई उनकी राष्ट्रीय रणनीति को भी प्रभावित करेगी.






