रायगढ़ – धरमजयगढ़ के चाल्हा मोड़ पर तीन लोगों की जान लेने वाले सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार फ्रॉन्क्स कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी एक महिला को टक्कर मारी और तुरंत बाद सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। कुछ ही सेकंड में हुआ यह हादसा इतना भयावह था कि राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।घटना गुरुवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे की है। हादसे में रामपुर निवासी ललिता मिंज, मैनपाट निवासी अमित किंडो और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के फकीरचंद पटेल की मौत हो गई थी। तीनों अपने-अपने काम से जा रहे थे जब तेज रफ्तार कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। फुटेज में कार पूरी तरह अनियंत्रित नजर आती है। महिला को टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और सीधे बाइक को ठोक दिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क किनारे उछलकर गिरी और दोनों युवक मौके पर ही गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। सूत्रों के मुताबिक कार (क्रमांक CG 13 BE 1285) सारंगढ़ निवासी शिक्षक सुरेश कुमार कहार के नाम पर रजिस्टर्ड है। गाड़ी उनके भाई गोपाल आदित्य, अधीक्षक एवं आजाक विभाग के मंडल संयोजक, के पास थी। घटना के समय वे रायपुर में ड्यूटी पर थे और वाहन को उन्होंने धरमजयगढ़ के बिरहोर आश्रम लक्ष्मीनगर के अधीक्षक घनश्याम महिलाने के पास छोड़ा था। सूत्रों के हवाले यह बात सामने आई है कि उसी परिवार की एक युवती कार चलाना सीख रही थी, और हादसे के समय वही कार चला रही थी। पुलिस ने फिलहाल वाहन जब्त कर लिया है और चालक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
धरमजयगढ़ पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब यह जांच नए मोड़ पर पहुंच गई है। नए BNS कानून की धारा 106(2) के तहत दुर्घटना के बाद घायलों को छोड़कर भागने पर 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि यह प्रावधान इस केस में लागू किया जा सकता है। पुलिस को अब इस वीडियो से वाहन की गति, दिशा और चालक की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। यह फुटेज अब केस के प्रमुख साक्ष्य के रूप में लिया जाएगा। “फुटेज के आधार पर कार चला रही लड़की की पहचान जल्द की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आरोप तय किए जाएंगे।”






