Home छत्तीसगढ़ पुलिस ने बुजुर्ग को ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपये वसूलने वाली नौकरानी...

पुलिस ने बुजुर्ग को ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपये वसूलने वाली नौकरानी को किया गिरफ्तार

59
0

भिलाईनगर – भिलाई 03 पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 75 वर्षीय बुजुर्ग को डरा धमकाकर 15 लाख रुपये वसूलने वाली अपनी ही नौकरानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने बुजुर्ग को झूठे यौन शोषण और नाबालिक बेटी के साथ छेड़छाड़ के केस में फंसाने की धमकी देकर लगातार पैसे वसूलने का प्रयास किया। मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी, निवासी वार्ड 24 बीएमवाई चरोदा, थाना पुरानी भिलाई, 75 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक एवं बीमार व्यक्ति हैं। वह सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी हैं और अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे थे। घरेलू कामकाज के लिए अगस्त 2018 में उन्होंने एक महिला को केयर टेकर/नौकरानी के रूप में दस हजार रुपये मासिक वेतन पर रखा।

कुछ वर्षों के बाद, महिला ने घर के काम में लापरवाही शुरू कर दी। खाना पकाने और साफ-सफाई में कोताही बरतने पर प्रार्थी द्वारा उसे समझाने पर महिला ने विवाद शुरू कर दिया और प्रार्थी को धमकी देने लगी। आरोपी ने प्रार्थी से कहा कि यदि उसने उसके अनुसार व्यवहार नहीं किया तो वह बुजुर्ग पर बलात्कार का झूठा मामला दर्ज करवा सकती है और उनकी नाबालिक बेटी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा सकती है। उसने अपने बड़े अधिकारियों से संबंध होने का दावा करते हुए लगातार डराने-धमकाने की कोशिश की। डर और मानसिक दबाव में प्रार्थी ने चेक के माध्यम से तीन लाख, सात लाख और पांच लाख रुपये आरोपी महिला को दिए। इसके बावजूद महिला ने पुनः 40 लाख रुपये की मांग की। इस प्रकार आरोपी ने बुजुर्ग की अकेली जीवन स्थिति का फायदा उठाकर ब्लैकमेलिंग की और लगातार उससे पैसे वसूलते रहे।

इस मामले पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 370/2025, धारा 308 (6) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आरोपी का पता लगाया और पूछताछ की। जांच में आरोपी ने 15 लाख रुपये वसूलने की पुष्टि की और पुलिस को बताया कि उसने यह रकम पंचशील नगर में एक प्लॉट खरीदने और 5,00,000 रुपये बैंक खाते में रखने में खर्च की। भिलाई 03 पुलिस की सक्रियता के कारण आरोपी महिला को दिनांक 27.09.2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। अपराधों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।