कांकेर – छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच फिर से मुठभेड़ हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के कांकेर, धमतरी और ओडिशा की सीमा से सटे इलाके में मुठभेड़ हो रही है। रविवार सुबह से सुरक्षाबल की टीम सर्चिंग मिशन पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की है। मिली जानकारी के अनुसार, जवानों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया है।
कांकेर जिले के एसपी कल्याण एलिसेला ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो रही है। इस मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। अभी मुठभेड़ हो रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
सर्चिंग पर थे जवान
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों की मौजूदगी पर सुरक्षाबल के जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। जब जवान जंगली इलाके में घुसे तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। फिलहाल, रुक-रुककर फायरिंग जारी है। आशंका जताई जा रही है कि जंगल में और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं। आशंका है कि नक्सलियों के कई बड़े लीडर भी यहां मौजूद हो सकते हैं।
सुकमा ने हथियार फैक्ट्री को किया था बर्बाद
इससे पहले सुरक्षाबल के जवानों ने शनिवार को सुकमा जिले में बड़ी कार्रवाई की थी। सुकमा जिले में जवानों ने नक्सलियों के हथियार बनाने वाली फैक्ट्री को खोज निकाला था। जवानों ने इस फैक्ट्री को बर्बाद कर दिया था। बता दें कि बस्तर में सुरक्षाबल के जवान लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।






