राजनांदगाव – छत्तीसगढ़ के मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी ज़िले में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो शीर्ष खूंखार माओवादी मारे गए जिन पर कुल 1.16 करोड़ रुपये का इनाम था।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने गुरूवार बताया कि मदनवाड़ा क्षेत्र के बांदा की जंगली पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ में विजय रेड्डी उर्फ सुगुलुरी चिन्ना उर्फ नागन्ना उर्फ शंकर (60) और लोकेश सलामे उर्फ हरसिंह (37) मारे गए।यह मुठभेड़ बुधवार को उस समय हुई जब सुरक्षाकर्मियों की एक टीम माओवाद विरोधी अभियान पर निकली थी।
शंकर दंडकारण्य विशेष क्षेत्रीय समिति सदस्य (DKSZCM) के रूप में राजनांदगांव-कांकेर सीमा (RKB) संभाग के प्रभारी के रूप में सक्रिय था, जबकि सलामे प्रतिबंधित माओवादी संगठन के RKB संभाग का सचिव था।
शंकर पर छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 25-25 लाख रुपये एवं आंध्र प्रदेश व तेलंगाना में 20-20 लाख रुपये का इनाम था। सलामे पर छत्तीसगढ़ में क्रमशः 10 लाख रुपये और महाराष्ट्र में 16 लाख रुपये का इनाम था।
शंकर के खिलाफ कुल 20 वारंट और सलामे के खिलाफ 10 वारंट लंबित थे।मुठभेड़ स्थल से एक इंसास राइफल, एक .303 राइफल, वॉकी-टॉकी, कॉर्डेक्स वायर, दवाइयाँ, कपड़े और अन्य सामान बरामद किया गया।
क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर बुधवार को शुरू किए गए अभियान में छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 27वीं बटालियन शामिल थी।






