ग्वालियर – मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल में शुक्रवार को मौसम पूरी तरह से बदल गया और तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी। तेज हवाओं की वजह से इलाके में दो बड़े हादसे भी हो गए। इनमें से पहला हादसा ग्वालियर में हुआ जहां एक मकान की दीवार गिरने से 8 लोग मलबे में दब गए। जिनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक गंभीर रूप से घायल है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के न्यू लोहा मंडी के पास हुई।मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीलाल चंदवानी ने बताया कि, घटना में 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1 गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। अभी इस मामले की जांच की जा रही है। बता दें कि ग्वालियर-चंबल अंचल में पिछले 24 घंटे से लगातार तेज आंधी चल रही है, जिसके कारण अलग-अलग जगहों पर बारिश हो रही है तो वहीं इसके चलते जगह जगह लगातार हादसे देखने को मिल रहे हैं।






