अशोकनगर – कांग्रेस ने मंगलवार को अशोकनगर की पुरानी गल्ला मंडी में न्याय सत्याग्रह किया. यह प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर एफआईआर के विरोध में हुआ. कार्यक्रम में जीतू पटवारी के साथ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और विधायक शामिल हुए. मंच से नेताओं ने भाजपा और प्रशासन पर तीखा हमला बोला. इसके बाद जीतू पटवारी ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी दी. कुछ देर बाद उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया.
दिग्विजय सिंह पहुंचे मुंगावली पुलिस थाने
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेता मुंगावली थाना क्षेत्र के मूडरा गांव पहुंचे. यहां वे रघुराज लोधी के घर गए. इसके बाद दिग्विजय सिंह मुंगावली थाने पहुंचे. उन्होंने थाना प्रभारी से युवकों की जानकारी मांगी. थाना प्रभारी ने कहा “उन्हें कोई जानकारी नहीं है.” दिग्विजय सिंह ने युवकों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. इस दौरान जब दिग्विजय सिंह ने कई सवाल किए तो टीआई की हालत खराब हो गई. मीडिया से चर्चा में दिग्विजय सिंह ने कहा “गांव की महिलाओं और युवाओं ने बताया राशन कार्ड की पर्ची को लेकर विवाद हुआ.”






