जैजैपुर विधानसभा के कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ पड़ोसी ने घर घुसकर मारपीट, गाली गलौज करने,गोली मरवाने की धमकी देने, घर छोड़ने के लिए मजबूर करने, जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस में 11 जून को दर्ज करवाई थी। उक्त शिकायत पर पुलिस ने विधायक के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। अब इस मामले में जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विधायक के गिरफ्तारी की सूचना विधानसभा अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
जांजगीर – जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां विधायक बालेश्वर साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुचलके पर उन्हें तुरंत छोड़ दिया गया। पूरा मामला एक एसी के आउटर को दीवार पर लगाने को लेकर शुरू हुआ था।
दरअसल, 10 जून को पड़ोसी ने विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि दीवार पर एसी का आउटर लगाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक आ गई।
जिसके बाद विधायक बालेश्वर साहू ने पड़ोसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन फिलहाल पुलिस ने मुचलके पर उन्हें तुरंत छोड़ दिया।






