रायपुर – छत्तीसगढ़ के GST प्रवर्तक विंग ने राजधानी रायपुर में एक बड़ी कार्रवाई की है. रायपुर के तीन आयरन स्टील उत्पाद निर्माता की फैक्ट्रियों में छापा मारकर 6.75 करोड़ रूपए की जीएसटी चोरी पकड़ी है।
बताया जा रहा है इस मामले में अभी जांच चल रही है. आगे और भी खुलासे हो सकते हैं.
छापे के बाद जमा की इतनी राशि
दरअसल छत्तीसगढ़ में GST विभाग को लम्बे समय से GST चोरी की सूचना मिल रही थी. इसके बाद विभाग की टीम हरकत में आई और रायपुर के श्याम स्टील इंडस्ट्रीज़, ईश्वर इस्पात एवं ईश्वर टीएमटी की फैक्ट्रियों में दबिश देकर जांच की. प्रवर्तक विंग ने उरला सिलतरा क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों में जांच की. प्रारंभिक जांच में पाया गया कि इन तीन आयरन स्टील उत्पाद निर्माताओं ने 6.75 करोड़ रुपए की GST चोरी की है. आगे की कार्रवाई में यह राशि और बढ़ने की संभावना है. इन फ़र्मो ने मौके पर ही अधिकारियों के सामने 4.75 करोड़ रुपए जीएसटी जमा की।
ऐसे हो रही थी चोरी
जानकारी के मुताबिक इन फर्मों में कच्चा स्क्रैप खरीद कर सरिया बनाया जा रहा था और जीएसटी की चोरी की जा रही थी. बता दें कि छत्तीसगढ़ में जीएसटी की प्रवर्तन विंग स्क्रैप से जीएसटी चोरी पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी. जिसमें विभाग द्वारा एडवांस आईटी टूल्स का प्रयोग किया जा रहा है. साथ ही नई तकनीकों का प्रयोग कर सूचनाओं, फील्ड से एकत्र की जा रही सूचनाओं के आधार पर भी कार्रवाई की जा रही है।






