लखनऊ – उत्तर प्रदेश में पिछले 72 घंटे से मानसून कहर बनकर टूट रहा है. झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. प्रयागराज, लखनऊ, बनारस समेत यूपी के 20 जिलों में मानसूनी बारिश का कोप देखने को मिल रहा है. नदी-नालों का पानी उफनाकर लोगों को घरों के अंदर तक पहुंच गया है.
हालात ये हैं कि कॉलोनियों में नावें चल रही हैं. लोग अपने मकानों की छतों पर डेरा जमाए हुए हैं. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 48 घंटे में लगभग 60 मिली मीटर बारिश हुई जो संपूर्ण मानसूनी सीजन में हुई बारिश का 15% है.
पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 6.2 मिमी के सापेक्ष 16 मिमी रिकॉर्ड की गई जो सामान्य से 158% अधिक है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 6.7 मिमी के सापेक्ष 32.3 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो सामान्य से 383 प्रतिशत अधिक है.
उत्तर प्रदेश में 1 जून से लेकर 5 अगस्त तक अनुमानित बारिश 394.01 मिमी के सापेक्ष 424.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो सामान्य से 8% अधिक है. पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 6.4 मिली मीटर के सापेक्ष 22.7 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो सामान्य से 255% अधिक है.
यूपी के 29 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने यूपी के सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजीपुर, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, अलीगढ़, बदायूं, कासगंज, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर में गरज चमक के साथ भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है.
यूपी में कहां-कहां हुआ सबसे ज्यादा बारिश
- बिजनौर – 174 मिमी
- शाहजहांपुर – 92 मिमी
- बरेली – 49 मिमी
- महाराजगंज – 41 मिमी
- हमीरपुर – 40 मिमी
यूपी का मौसम
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पिछले 72 घंटे से उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय रहा, जिसके कारण जोरदार बारिश हुई. आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता में कमी आने की वजह से भारी बारिश का सिलसिला कम होगा.
उत्तर प्रदेश के एक दो इलाकों में भारी बारिश होने के साथ ही मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगी. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा



