मौसम विभाग ने 3 सितंबर तक जारी किया है बारिश का अलर्ट, 2500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया
रायपुर 30 जुलाई 2026 – प्रदेश में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने 3 सितंबर तक बारिश का अलर्ट भी जारी किया है, बावजूद इसके सिंचाई पानी की कथित मांग पर गंगरेल बांध का पट खोल दिया गया है। जानकारी के अनुसार लगभग 2500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसे लेकर किसानों में मिश्रित प्रतिक्रिया है।
किसानों का कहना – पानी व्यर्थ जाएगा
अल-नीनो के प्रभाव से सूखे की आशंका के बीच इस बार इंद्रदेव की कृपा से अच्छी बरसात हुई है। किसानों को अभी तक बांध से सिंचाई पानी की जरूरत महसूस नहीं हुई, बल्कि लगातार बादल और मौसम न खुलने से कीट प्रकोप की आशंका बनी हुई है। कई जगह छिटपुट कीट प्रकोप की खबरें भी आ रही हैं।
ऐसे में गंगरेल से पानी छोड़े जाने पर अधिकतर किसानों का कहना है कि छोड़ा गया अधिकांश पानी नदी-नालों में व्यर्थ बह जाएगा। फिलहाल वही किसान पानी की मांग कर रहे हैं जिन्होंने बरसाती पानी को खेतों में सहेजने में लापरवाही बरती है। सूत्रों के अनुसार पलारी क्षेत्र की मांग पर यह पानी छोड़ा गया है।
जल उपभोक्ता संस्था की प्रतिक्रिया
इस संबंध में रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि इस साल धान की बुवाई आगे-पीछे हुई है। भविष्य में बारिश न होने की स्थिति में लंबे समय तक बांध के पानी की जरूरत पड़ेगी। किसानों से चर्चा के बाद उन्होंने बताया कि फिलहाल अपवाद को छोड़कर अधिकांश किसानों को सिंचाई पानी की जरूरत नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि सिंचाई विभाग के पास मैदानी अमले की कमी है और कई वितरक शाखाओं, माइनरों और आउटलेटों में देखरेख व मरम्मत के अभाव में पानी रोकने की पुख्ता व्यवस्था नहीं है, इसलिए छोड़ा जा रहा पानी व्यर्थ जाएगा।






