Home छत्तीसगढ़ NH-130C पर पिकअप ने दो बैलों को मारी टक्कर, एक की मौत”

NH-130C पर पिकअप ने दो बैलों को मारी टक्कर, एक की मौत”

20
0

गरियाबंद / देवभोग – एनएच-130सी पर बेसहारा मवेशियों का जमावड़ा लगातार हादसों को न्योता दे रहा है। सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने और घूमने की समस्या को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच सोमवार रात देवभोग रेस्ट हाउस के पास एक और हादसा हो गया, जिसमें पिकअप की टक्कर से एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा बैल गंभीर रूप से घायल हो गया।

रात करीब 9:25 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, देवभोग रेस्ट हाउस के पास रात करीब 9:25 बजे सड़क पर दो बैल मौजूद थे। इसी दौरान पिकअप वाहन क्रमांक OD 03 AD 2749 ने दोनों बैलों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।

घायल बैल के उपचार के लिए पहुंचे विहिप कार्यकर्ता

घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने घायल बैल के उपचार की व्यवस्था कराने का प्रयास किया।

खबर प्रकाशित होने के बाद भी नहीं जागे जिम्मेदार

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-130सी पर बेसहारा मवेशियों का जमावड़ा लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क पर बैठे और घूमते मवेशियों की वजह से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है।

मवेशियों को सड़क से हटाने की मांग को लेकर पहले भी समाचार प्रकाशित किया जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। नतीजा यह है कि सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी अब जानलेवा हादसों का कारण बन रही है।

नगर पंचायत और संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत और संबंधित विभाग से एनएच-130सी से बेसहारा मवेशियों को हटाने के लिए अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही खुले में मवेशी छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क से मवेशियों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में इससे और बड़े हादसे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।