Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर! 5 की मौत, कई जिले बाढ़ की...

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर! 5 की मौत, कई जिले बाढ़ की चपेट में, हाईवे बंद

6
0

रायपुर – छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं, नदियां और नाले उफान पर हैं तथा कई प्रमुख सड़कें बंद होने से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वर्षाजनित हादसों में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सबसे अधिक असर रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग में देखने को मिल रहा है।

कई प्रमुख सड़कें बंद, ओडिशा से संपर्क प्रभावित

लगातार बारिश के कारण रायपुर-ओडिशा को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-130 भारी जलभराव के चलते बंद हो गया है। इसके अलावा गरियाबंद-महासमुंद, गरियाबंद-नगरी-धमतरी और कोचबाय-मालगांव-कसानाला मार्ग भी यातायात के लिए बाधित हैं। वहीं बीजापुर जिले में कई संपर्क मार्ग टूटने से सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।

बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत

बारिश के कारण अलग-अलग जिलों में हुए हादसों में पांच लोगों की जान चली गई।

गरियाबंद में सरगी नाला पार करते समय 55 वर्षीय व्यक्ति बह गया, जिसका शव बाद में बरामद हुआ।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में लाट नाले में कार समेत बहे दंपति के शव मिले।

सक्ती जिले के दमऊधारा जलप्रपात में बहा 20 वर्षीय युवक 24 घंटे बाद मृत मिला।

बीजापुर में पेड़ गिरने से एक किसान की मौत हो गई।

प्रशासन अलर्ट, बांधों के गेट खोले गए

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। गरियाबंद के सिकासार बांध के 16 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। पंतोरा के शासकीय बालिका आवासीय विद्यालय की 50 से अधिक छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। गरियाबंद जिला अस्पताल परिसर में भी पानी भर गया है। वहीं धमतरी के सोंढूर बांध के गेट भी खोले गए हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और उफनती नदियों व पुलों को पार करने का जोखिम न लें।