Home छत्तीसगढ़ रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आगाज: डिप्टी सीएम साव बोले-...

रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आगाज: डिप्टी सीएम साव बोले- खेलों के विकास के लिए बनेगा नया रोडमैप

25
0
डिप्टी सीएम अरुण साव रायपुर में आयोजित राज्य के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया। कॉन्क्लेव में खेल विशेषज्ञों ने नई खेल नीति, खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों के विकास को लेकर मंथन किया।

रायपुर – छत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।

रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, विशेषज्ञ, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। दिनभर चले अलग-अलग तकनीकी सत्रों में राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने खेल परिसरों के बेहतर उपयोग, पारदर्शी संचालन और सभी जिलों में खेल संघों को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों से मिलने वाले सुझावों को भविष्य की योजनाओं में शामिल किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव में प्राप्त सुझावों को राज्य की नई खेल नीति का हिस्सा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन प्रदेश की प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच साबित हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव से तैयार होने वाला रोडमैप खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में मददगार होगा।