Home छत्तीसगढ़ गरियाबंद – उभरते क्रिकेट सितारों का महामुकाबला, 110 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

गरियाबंद – उभरते क्रिकेट सितारों का महामुकाबला, 110 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

69
0

PM श्री स्कूल मैदान में अंडर-14, 17 व 19 का जिला स्तरीय चयन ट्रायल सम्पन्न

गरियाबंद 21जुलाई 2026 – स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को PM श्री स्कूल गरियाबंद के खेल मैदान में जिला स्तरीय क्रिकेट चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। जिले के चारों विकासखंड – गरियाबंद, मैनपुर, छुरा और फिंगेश्वर – से चयनित खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया।

110 खिलाड़ियों ने आजमाया हुनर
ट्रायल में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लगभग 110 बालक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। बालिका वर्ग में भी चारों विकासखंडों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियां ट्रायल देने पहुंचीं। तकनीकी समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और शारीरिक दक्षता के आधार पर किया। पूरे दिन मैदान में प्रतिस्पर्धात्मक माहौल रहा।

राज्य स्तरीय टीम के लिए होगा चयन
10 जुलाई को चारों विकासखंडों में ब्लॉक स्तरीय ट्रायल हो चुके थे। उनमें चयनित खिलाड़ियों को जिला स्तरीय ट्रायल के लिए बुलाया गया था। अब जिला स्तरीय ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सूची तैयार कर आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए संभावित टीम का चयन किया जाएगा।

आयोजन में रहा इनका सहयोग
ट्रायल को सफल बनाने में नोडल अधिकारी संजीव साहू, सूरज महादिक, देवेंद्र वंजारी, नंद कुमार रात्रे, निलेश देवांगन, खुमेश साहू, दानवीर साहू, देवेंद्र पांडे, महेंद्र राजपूत, महेंद्र यादव, एस. नारायण, जीतू सेन, डोमेश्वर ध्रुव, पंकज साहू तथा गोप कुमार वत्सल गुप्ता सहित अन्य खेल अधिकारी और शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।चयन समिति ने कहा कि ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर नियमानुसार अगले चरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह ट्रायल जिले के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा अवसर बना।