30 महिला बाइकर्स, इको-टूरिज्म, सड़क सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश,विशेष पिछड़ी कमार जनजाति ग्राम कुल्हाड़ीघाट पहुंचकर ग्रामीणों से किया संवाद
गरियाबंद पुलिस अधिक्षक वेदव्रत सिरमौर एवं डीएफओ वरूण जैन ने हरी झंण्डी दिखा कर किया रवाना
गरियाबंद– छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आईं करीब 30 महिला बाइकर्स की मोटो क्वींस एडवेंचर टीम आज रविवार को जागरूकता अभियान के तहत गरियाबंद जिले के दूरस्त वनाचल में बसे उदंती सीतानदी टाईगर रिजर्व के मैनपर से 25 कि.मी. दूर क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थल देवधारा पहुंची। इस दौरान गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।
महिला बाइकर्स का यह अभियान प्रदेशभर में महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। रायपुर से राजिम होते हुए गरियाबंद फिर मैनपुर और कुल्हाड़ीघाट होते हुए देवधारा पहुंची इस टीम में गृहिणियां, छात्राएं, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षिकाएं, आईटी प्रोफेशनल और व्यवसायी महिलाएं शामिल थे।
लंबी दूरी की बाइक यात्रा के माध्यम से ये महिलाएं समाज को यह संदेश दे रही हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। टीम का उद्देश्य केवल एडवेंचर करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और अनुशासन का संदेश देना भी है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, एसडीओपी निशा सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महिला बाइकर्स ने कहा कि उनका यह अभियान केवल रोमांचक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षित यातायात, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने की एक सार्थक पहल है।
कुल्हाड़ीघाट और देवधारा जलप्रपात का भ्रमण, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण
.उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के कुल्हाड़ीघाट वनक्षेत्र में आज महिला बाइकर्स टीम ने दुपहिया वाहनों से रोमांचक भ्रमण किया टीम ने मैनपुर वन विश्राम गृह में भोजन ग्रहण करने के बाद जिड़ार ग्राम होते हुए कुल्हाड़ीघाट का रुख किया कुल्हाड़ीघाट पहुंचने पर बाइकर्स दल ने स्थानीय ग्रामीणों से आत्मीय जनसंवाद किया इसके बाद उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदर वादियों और पर्वतों को करीब से देखा भ्रमण के अगले पड़ाव में टीम प्रसिद्ध देवधारा जलप्रपात पहुंची, जहां प्राकृतिक सौंदर्य देखकर वे अभिभूत हो गईं। देवधारा जलप्रपात परिसर में महिला बाइकर्स टीम ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बरगद (बढ़) और पीपल के पौधों का रोपण किया। इस दौरान वहां मौजूद अन्य पर्यटकों और आगंतुकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण की महत्ता के प्रति जागरूक किया गया।
वन विभाग सहित पुलिस के अमला भी साथ में रहे –
महिला बाइकर्स ने उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों और यहां के बेहतरीन इको टूरिज्म प्रबंधन की जमकर सराहना की इस पूरे आयोजन के दौरान उत्तर उदंती के वन परिक्षेत्र अधिकारी ज्योति ध्रुव, मैनपुर थाना प्रभारी सिद्धेश्वर प्रताप सिंह एवं वन विभाग का स्थानीय व पुलिस विभाग का अमला सुरक्षा एवं सहयोग के लिए मुस्तैद रहा।






