जगदलपुर – कांग्रेस पार्टी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम चला रही है। इसी अभियान के तहत अब छत्तीसगढ़ के चार और संभागों में भी छात्रों से सीधा संवाद किया जाएगा। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने दी।
दीपक बैज ने कहा कि नीट पेपर लीक समेत छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उनकी राय जानने और समस्याओं को समझने के उद्देश्य से कांग्रेस यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसके तहत रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में इस अभियान की शुरुआत बिलासपुर संभाग से हो चुकी है, जहां 12 जुलाई को कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अब शेष चार संभागों में भी जल्द कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।






