जीद – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे जंक्शन से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रूट पर अपनी सेवाएं देगी।
रेल मंत्री ने अपने आधिकारिक पोस्ट में लिखा कि स्वच्छ ऊर्जा और अत्याधुनिक तकनीक से संचालित भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन देश में हरित और टिकाऊ रेल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल विश्वस्तरीय रेलवे अवसंरचना के विकास और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इन परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण
- सबसे बड़ी परियोजना दिल्ली-अंबाला-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे है, जिस पर लगभग 7,900 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके शुरू होने से दिल्ली से कटरा की यात्रा लगभग छह घंटे कम समय में पूरी हो सकेगी। साथ ही हरियाणा का कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) और कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेसवे से बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
- जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (लगभग 1,600 करोड़ रुपये) का भी उद्घाटन होगा। इससे जींद और गोहाना के बीच यात्रा का समय करीब 40 मिनट घट जाएगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और रोहतक, पानीपत तथा दिल्ली से संपर्क बेहतर होगा।
- अंबाला-काला अंब राष्ट्रीय राजमार्ग (करीब 1,200 करोड़ रुपये) हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करेगा। इससे उद्योगों के परिवहन और लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी तथा धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी।
- स्वास्थ्य क्षेत्र में पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (करीब 600 करोड़ रुपये) का लोकार्पण किया जाएगा। भिवानी जिला अस्पताल को अपग्रेड कर बनाए गए इस मेडिकल कॉलेज में 630 बिस्तरों की सुविधा होगी और 100 एमबीबीएस सीटों पर पढ़ाई शुरू हो चुकी है।
- महेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज (लगभग 900 करोड़ रुपये) का भी उद्घाटन होगा। यहां 650 बिस्तरों वाला अस्पताल तैयार किया गया है तथा 100 एमबीबीएस सीटों के साथ चिकित्सा शिक्षा शुरू होगी। मरीजों को आधुनिक ओपीडी और बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।
- रेलवे क्षेत्र में कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक (करीब 400 करोड़ रुपये) लोगों को बड़ी राहत देगा। इससे शहर के बीच स्थित पांच रेलवे फाटकों की समस्या समाप्त होगी और जाम से निजात मिलेगी।
- सांस्कृतिक क्षेत्र में सिख संग्रहालय, कुरुक्षेत्र (लगभग 160 करोड़ रुपये) का भी उद्घाटन होगा। संग्रहालय में सिख गुरुओं की विरासत, इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को आधुनिक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
- हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग (करीब 140 करोड़ रुपये) भी जनता को समर्पित किया जाएगा। इससे हिसार और पंचकूला क्षेत्र के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा, कृषि उत्पादों और स्थानीय माल की ढुलाई आसान होगी तथा क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।






