रायपुर – छत्तीसगढ़ में मानसून के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश में कहीं हल्की बारिश तो कहीं धूप और बादलों की आंखमिचौली का दौर जारी है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बुधवार को हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
हल्की बारिश के बाद उमस ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
राजधानी रायपुर में सुबह से बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर बाद शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, लेकिन यह बारिश राहत देने के बजाय उमस बढ़ाने वाली साबित हुई। बारिश थमते ही चिपचिपी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी और दिनभर मौसम असहज बना रहा।
रायपुर का तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है।
प्रदेश में 15 जुलाई तक औसत से करीब 30 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। सामान्य मानसूनी बारिश की तुलना में अब तक बारिश का आंकड़ा पीछे चल रहा है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, बिलासपुर सबसे ठंडा
बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, हालांकि कहीं भी अत्यधिक वर्षा की स्थिति नहीं बनी। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसी प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
आज इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
गुरुवार के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना है। प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चेतावनी भी जारी की है।
राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शाम या देर रात गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।






