दुर्ग / भिलाई नगर – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। कुम्हारी के पास सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर से तेज रफ्तार स्कूटी टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28) अपने परिजनों के साथ स्कूटी से बसंत विहार, रायपुर स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं। स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे। इसी दौरान कुम्हारी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर खड़े ऑक्सीजन सिलेंडर लोड ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) के पीछे स्कूटी जा भिड़ी।
हादसे में अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), यासना (7) और डाली (4) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं भावेश (8) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेज दिया गया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है तथा चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






