भिलाई नगर – छत्तीसगढ़ के भिलाई से बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिसने पुलिस को भी गुमराह कर दिया है. होटल के कमरे में 19 साल के युवक की लाश मिली है. रात में वह गर्लफ्रेंड के साथ कमरे रुका था और सुबह उसकी लाश मिली.
मामला भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र के कोहका स्थित OYO होटल कुणाल का है. वारदात मंगलवार (7 जुलाई) शाम की बताई जा रही है. मृतक की पहचान जवाहर नगर, अटल आवास के रहने वाले 19 साल के शादाब शेख के रूप में हुई है. जो म्यूजिक आर्टिस्ट था. उसने गर्लफ्रेंड के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
जानकारी के मुताबिक़, शादाब शेख अपने से चार साल बड़ी 23 साल की लड़की को डेट कर रहा था. मंगलवार की शाम को 6:30 बजे दोनों OYO होटल पहुंचे थे. जहाँ दोनों ने साथ में शराब पी थी. इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया था.
जिसके बाद युवती सो गयी थी. इसी दौरान शादाब ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी. वहीँ, रात करीब 11:00 बजे शादाब के दोस्त उसे ढूंढने होटल आये. लेकिन कमरे का दरवाजा खटखटाने पर किसी ने नहीं खोला. जब सुबह करीब 6:00 बजे युवती निकली तो उसने बताया वो सो रहा है. सुबह 9 बजे वापस उसके दोस्त आये तो देखा उसकी मौत हो चुकी थी.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. प्राथमिक जांच में आत्महत्या का मामला लग रहा है. जबकि परिजनों ने युवती पर ह्त्या का आरोप लगाया है. परिजनो का कहना है, झगड़े के बाद नाराज गर्लफ्रेंड ने शादाब को बेल्ट से मारा था और फिर अपने हाथ में चीरा लगा लिया था. बाद में उसने ही शादाब की ह्त्या कर दी. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है. फ़िलहाल पुलिस युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.






