Home छत्तीसगढ़ गरियाबंद – कोपरा में घुरवा गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत,...

गरियाबंद – कोपरा में घुरवा गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत, गांव में शोक

67
0

लगातार बारिश से भरे 10-12 फीट पानी में फिसलकर गिरे थे दोनों मासूम

गरियाबंद – नगर पंचायत कोपरा में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। घर के बाहर खेल रहे भाई-बहन कचरा फेंकने वाले गहरे गड्ढे, जिसे स्थानीय भाषा में “घुरवा गड्ढा” कहा जाता है, में डूब गए।

खेलते-खेलते हादसे का शिकार
मृतक बच्चों की पहचान तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू के रूप में हुई है। बारिश थमने के बाद दोनों घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान वे घर के पास स्थित घुरवा गड्ढे के पास पहुंच गए। आशंका है कि खेलते समय पैर फिसलने से दोनों 10 से 12 फीट भरे पानी में गिर गए और डूब गए।

तलाश के बाद मिले शव
काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। दोनों बच्चे घुरवा गड्ढे में मिले। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण डूबना माना जा रहा है। अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।

सुरक्षा की मांग उठी
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में खुले और गहरे घुरवा गड्ढों की घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर सुरक्षा उपाय होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है।घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मासूम भाई-बहन की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है।