Home छत्तीसगढ़ पटरियों तक पहुंची एसयूवी कार, ड्राइवर के खिलाफ रेलवे एक्ट में केस...

पटरियों तक पहुंची एसयूवी कार, ड्राइवर के खिलाफ रेलवे एक्ट में केस दर्ज

20
0

रायपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर एक एसयूवी कार स्टेशन परिसर में प्रवेश करने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-1 को पार करते हुए सीधे रेलवे ट्रैक तक पहुंच गई।

रायपुर –  रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर एक एसयूवी कार स्टेशन परिसर में प्रवेश करने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-1 को पार करते हुए सीधे रेलवे ट्रैक तक पहुंच गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब एक बजे की है। कार पार्सल कार्यालय की ओर से स्टेशन परिसर में दाखिल हुई और प्लेटफॉर्म पार करते हुए पटरी तक पहुंच गई। ट्रैक पर उतरने के दौरान वाहन दो बार बीच में फंस गया। राहत की बात यह रही कि उस समय किसी ट्रेन का आवागमन नहीं था, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया।
रेलवे एक्ट के अंतर्गत दर्ज हुआ मामला
प्लेटफार्म और पटरी पर कार उतारने के मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। वीडियो सामने आने के बाद आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित वाहन चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 147 (अनाधिकृत प्रवेश), 154 (यात्रियों की सुरक्षा खतरे में डालना) और 159 (प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से वाहन चलाना) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
रमन कुमार, सीनियर कमांडेंट, आरपीएफ
घटना ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस इलाके में आरपीएफ और जीआरपी की नियमित निगरानी होने का दावा किया जाता है, वहां वाहन बिना किसी रोक-टोक के प्लेटफॉर्म और ट्रैक तक कैसे पहुंच गया, इसकी जांच की जा रही है। स्टेशन के प्रवेश मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा अवरोधक और निगरानी व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आ रही है।बताया जा रहा है कि पार्सल कार्यालय और रैंप क्षेत्र के पास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं थी। यही वजह रही कि चालक वाहन लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच गया। रेलवे प्रशासन अब इस चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच करेगा।