जगदलपुर – छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में वेतन शाखा में गंभीर अनियमितता बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों ने मिलकर वेतन देयक में कूटरचना व डीडीओ के डिजीटल हस्ताक्षर का दरूपयोग कर शासकीय राशि गबन की थी। जांच के बाद तीनों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
दरअसल, बस्तर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की वेतन शाखा में करोड़ों के गबन का मामला सामने आया था। एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिए। जांच में सामने आया कि बीते दो वर्षाें में करीब 2 करोड़ से ज्यादा का गबन किया गया।
वेतन शाख में पदस्थ आरक्षक गिरीश राय, आरक्षक राजकुमार कतलम और डीएसएफ आरक्षक हेमंत मैथ्यू के द्वारा वेतन देयक में कूटरचना डीजीटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर विभिन्न भत्ता को बढ़ाकर शासकीय राशि गबन की गई थी। मामले में धारा के तहत अपराध दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को रिमांड में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
”शासकीय ऑडिट से ज्ञात हुआ कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय जगदलपुर के वेतन शाखा में वेतन आहरण में गंभीर अनियमितता पाई गई। इस संबंध में प्राथमिक जांच कराई गई, जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया की वेतन शाखा में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 450 गिरीश राय, आरक्षक 289 राजकुमार कतलम, डीएसएफ आरक्षक 4003 हेमंत मैथ्यू के द्वारा वेतन देयक में गंभीर अनियमितता की गई।
आपराधिक षडयंत्र कर वेतन देयक में कूटरचना कर, डीडीओ के डिजीटल हस्ताक्षर पैनड्राईव का दुरुपयोग कर शासकीय रकम का तीनों ने अपराधिक षडयंत्र कर विभिन्न भत्ता को बढाकर शाशकीय राशि का गबन किया। उपरोक्त आरोपीगण का कृत्य अपराध धारा 318(4), 316(5), 338, 336(3), 340, 61(2) BNS, 66 (C) IT Act का पाये जाने से अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में गिरफ्तार कर रिमांड में लिया गया।






