Home छत्तीसगढ़ ‘अयोध्या के पंडित’ बनकर पहुंचे ठग, व्यापारी का रुपयों से भरा बैग...

‘अयोध्या के पंडित’ बनकर पहुंचे ठग, व्यापारी का रुपयों से भरा बैग लेकर हुए फरार

24
0

बिलासपुर –  ठग अब लोगों से रुपये लूटने के लिए नए- नए तरीके इजाद करने लगे हैं। ऐसे ही एक ठग ने मीठी बातों से एक किराना कारोबारी को झांसा दे दिया और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। संभाग की सबसे बड़ी थोक मंडी व्यापार विहार क्षेत्र में एक किराना व्यापारी को अमीर बनाने का लालच देकर ढाई लाख रुपए की ठगी के मामले में तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

तारबाहर पुलिस ने बताया कि प्रार्थी जनकराम साहू (57 वर्ष), निवासी ग्राम रोगदा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा, 12 जून को व्यापार विहार में गल्ला एवं किराना सामान खरीदने के लिए नकदी से भरा बैग लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को अयोध्या का पंडित बताकर उनसे संपर्क किया और अमीर बनाने का झांसा दिया।

बातचीत के दौरान दोनों आरोपी ढाई लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पीडि़त की शिकायत पर थाना तारबाहर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपी के खिलाफ चाेरी और ठगी के कई मामले

पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हैदर अली अंसारी (60 वर्ष), निवासी केला बाड़ी, दुर्ग को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। जांच में आरोपी के खिलाफ पूर्व में चोरी एवं ठगी के कई मामले दर्ज होना पाया गया है। मामले का दूसरा आरोपी वासिम खान, निवासी केला बाड़ी, दुर्ग अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर, ज्यूडिशियिल रिमांड पर जेल भेज दिया है।