बालोद – जिला मुख्यालय से सटे पाररास में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद एक बाइक का ब्रेक पैडल युवक की गर्दन के आर-पार हो गया वहीं दूसरे युवक को सामान्य चोटें आई है वहीं घायल वामेंद्र को हाइयर सेंटर ले जाया जा रहा था जहां दुर्ग पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पाररास निवासी वामेंद्र साहू (35 वर्ष) आज दोपहर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पाररास के पास ही ओवरटेक करने के चक्कर में दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही वामेंद्र सड़क पर गिर गया और दूसरी बाइक का ब्रेक पैडल उसकी गर्दन में गहरे तक धंस गया।
ग्लैंडर मशीन से काटा गया पैडल
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अत्यंत नाजुक हालत में जिला अस्पताल बालोद पहुँचाया गया। युवक की गर्दन में फंसे लोहे के पैडल को निकालने के लिए डॉक्टरों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आनन-फानन में ग्लैंडर मशीन मंगवाई गई, जिससे बेहद सावधानीपूर्वक पैडल को काटकर गर्दन से अलग किया गया।
रायपुर ले जाते वक्त दुर्ग में थमी सांसें
प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल रायपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था; रायपुर पहुँचने से पहले ही दुर्ग के पास युवक ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने बालोद थाना क्षेत्र के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






