Home देश दिल्ली अग्निकांड में 21 मौतें: मालवीय नगर से 74 लोगों का रेस्क्यू,...

दिल्ली अग्निकांड में 21 मौतें: मालवीय नगर से 74 लोगों का रेस्क्यू, ज्यादातर विदेशी नागरिक प्रभावित

21
0

दिल्ली के गेस्ट हाउस-रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने मचाई तबाही, ज्यादातर मृतक विदेशी नागरिक; पीएम मोदी ने किया मुआवजे का एलान

नई दिल्ली – दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौजरानी इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक कुल 74 लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया है। इनमें कई गंभीर रूप से घायल हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका उपचार चल रहा है।

प्रशासन के अनुसार, हादसे के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसके चलते दर्जनों लोगों की जान बचाई जा सकी। हालांकि, धुएं और आग की भयावहता के कारण 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की बताई जा रही है।

74 लोगों को निकाला गया सुरक्षित

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त इमारत से कुल 74 लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें 39 लोगों को मैक्स अस्पताल, तीन को मालवीय नगर अस्पताल और 32 लोगों को एम्स समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। विशेष रूप से ऊंचाई से कूदने वाले कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

गद्दे बेचने वाले ने बचाईं कई जानें

हादसे के दौरान एक स्थानीय दुकानदार की सूझबूझ ने कई लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। गेस्ट हाउस के सामने गद्दे और चादर की दुकान चलाने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी ने अपनी दुकान के गद्दे सड़क पर बिछा दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऊपरी मंजिलों में फंसे कई लोगों ने इन्हीं गद्दों पर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। कुछ लोग घायल हुए, लेकिन बड़ी त्रासदी टल गई।

छह कमरों की अनुमति, बनाए गए 25 कमरे

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित गेस्ट हाउस को केवल छह कमरों की अनुमति मिली थी, जबकि परिसर में 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, यह गेस्ट हाउस केंद्र सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट (बीएनबी) योजना के तहत पंजीकृत था। अधिकारियों ने भवन की स्वीकृतियों, सुरक्षा इंतजामों और संचालन संबंधी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।