रायपुर – प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा और सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख होने पर प्रदेश में उत्साह का माहौल है। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण करने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और सम्मान का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश के युवा धावक अनिमेष कुजूर और बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक स्थल मल्हार का उल्लेख होना छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, संस्कृति और विरासत को मिली बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि जब देश का सर्वोच्च नेतृत्व किसी राज्य की उपलब्धियों को सामने लाता है, तो इससे पूरे प्रदेश का सम्मान बढ़ता है और नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जशपुर के ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अनिमेष ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से 100 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।






