बिलासपुर – छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के तखतपुर मुख्य मार्ग बेलसरी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एडिशनल एसपी संजय महादेवा के चाचा की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार सवारी बस और मोटर साइकिल के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में 42 वर्षीय बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
ग्राम लीदरी निवासी बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा निजी कार्य से तखतपुर आ रहे थे। इसी दौरान बेलसरी मुख्य मार्ग के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार सवारी बस और मोटर साइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटर साइकिल के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
बस ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार तखतपुर की ओर आ रही बाइक क्रमांक CG 10 CC 5520 को बेलसरी के पास बस ने जोरदार ठोकर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार ग्राम लिदरी निवासी बृज किशोर महादेवा उम्र 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराने के लिए सड़क को क्लियर कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।






