कोरिया – सुशासन तिहार के अवसर पर विगत दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सोनहत जनपद पंचायत के ग्राम कुशहा के आकस्मिक निरीक्षण पर पहुंचे थे। जहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली, उनकी समस्याएं सुनीं तथा मांगों पर चर्चा की।
हेलीकॉप्टर की आवाज जब कुशहा सहित आसपास के गांवों में सुनाई दी, तो ग्रामीण अपने छोटे बच्चों को लेकर मुख्यमंत्री को नजदीक से देखने के लिए कुशहा में लगे चौपाल स्थल पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीण मुख्यमंत्री को सुनने पहुंचे। युवाओं में भी खास उत्साह देखने को मिला और वे अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें लेने लगे।
ऑटो चालक दीदी के रूप में प्रसिद्ध ग्राम कुशहा निवासी श्रीमती जय कुमारी एवं ग्राम अकला सरई निवासी श्रीमती गौरी दुबे ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। श्रीमती जय कुमारी ने बताया कि उन्होंने बारहवीं तक पढ़ाई की है तथा वे मछली और मुर्गी पालन का कार्य भी करती हैं। वहीं, श्रीमती गौरी दुबे के तीन बच्चे हैं और उनके पति का निधन हो चुका है। ऑटो चलाने से पहले वे खेती-बाड़ी का काम करती थीं।
इन महिलाओं ने बताया कि वे इलेक्ट्रिक ऑटो से हर माह लगभग 5 से 7 हजार रुपये की आय अर्जित कर लेती हैं। इस कमाई से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की अपेक्षा अधिक मजबूत हुई है।






