गरियाबंद – जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों के लिए विशेष जनजागरूकता संदेश जारी किया है।गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में जारी इस संदेश में लोगों से गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
गरियाबंद पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी में नागरिकों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करने तथा सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही हल्के और सूती कपड़े पहनने लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने वाहन चालकों को सतर्क किया है।
एडवाइजरी में धीमी गति से वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की हिदायत दी गई है। थकान महसूस होने पर बीच में विश्राम लेने की सलाह भी दी गई है ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। गरियाबंद पुलिस ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में नागरिक सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें। पुलिस का संदेश है आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता इसलिए सावधान रहें, सुरक्षित रहें और नियमों का पालन ।






