Home देश NTA की एक्सपर्ट ही असली ‘गद्दार’! कौन है मनीषा मंधारे? निकली NEET...

NTA की एक्सपर्ट ही असली ‘गद्दार’! कौन है मनीषा मंधारे? निकली NEET पेपर लीक की मास्टरमाइंड

59
0

 

नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के हाथ एक और बड़ी कामयाबी लगी है. मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) के पेपर लीक कांड में अब जो भी मास्टरमाइंड गिरफ्तार हुए हैं, उनका एजेंसी से कुछ न कुछ लिंक मिल ही रहा है. सीबीआई ने इस पेपर लीक में एक और मुख्य मास्टरमाइंड को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. यह मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की अपनी ही एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे हैं. लंबी पूछताछ के बाद हुई इस गिरफ्तारी ने पूरे एजुकेशन सिस्टम में हड़कंप मचा दिया है.
मनीषा गुरुनाथ मंधारे महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली हैं. पेशे से एक सीनियर बॉटनी (वनस्पति विज्ञान) टीचर हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मनीषा एनटीए की तरफ से नीट-यूजी 2026 परीक्षा प्रक्रिया में एक ‘एक्सपर्ट’ के तौर पर आधिकारिक रूप से शामिल थीं. एनटीए के एक्सपर्ट पैनल में होने के कारण उनकी बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्नपत्रों तक सीधी और पूरी पहुंच थी. इसी पहुंच और पद का फायदा उठाते हुए मनीषा ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और पेपर लीक सिंडिकेट की एक बेहद अहम मोहरा बन गईं.
कैसे रची गई पेपर लीक की खौफनाक साजिश?
सीबीआई की जांच में मनीषा के काले कारनामों का पूरा पर्दाफाश हुआ है. जांच में सामने आया है कि अप्रैल 2026 के दौरान मनीषा ने पहले से गिरफ्तार एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे के साथ मिलकर एक बड़ी साजिश रची थी. वाघमारे के जरिए नीट की तैयारी कर रहे छात्रों को इकट्ठा किया गया. इसके बाद मनीषा मंधारे ने पुणे स्थित अपने घर पर इन छात्रों के लिए ‘स्पेशल कोचिंग क्लास’ चलाई.
इन सीक्रेट क्लासेस में उसने छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के अहम सवाल बताए, उनकी नोटबुक में लिखवाए और किताबों में मार्क भी करवाए. 3 मई 2026 को जब असली NEET-UG परीक्षा हुई, तो छात्रों ने पाया कि मनीषा द्वारा रटाए गए ज्यादातर सवाल हुबहू पेपर में छपे थे. जांच एजेंसी के मुताबिक, छात्रों को इन स्पेशल क्लासेस में बुलाने और परीक्षा में आने वाले सवाल पहले से बताने के एवज में लाखों रुपये की मोटी रकम वसूली गई थी.
CBI का ताबड़तोड़ छापेमारी
इस बड़े खुलासे के बाद CBI पूरी तरह से एक्शन में है. जांच एजेंसी ने पिछले 24 घंटों में देशभर में 6 अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है. इस दौरान कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनसे इस रैकेट के और भी कई राज खुलने की उम्मीद है. इन जब्त उपकरणों की फोरेंसिक जांच की जा रही है.
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
बता दें कि शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत पर CBI ने 12 मई 2026 को यह मामला दर्ज किया था. शिकायत में स्पष्ट रूप से NEET-UG 2026 परीक्षा के पेपर लीक का आरोप लगाया गया था. केस दर्ज होते ही स्पेशल टीमें देशभर में खाक छान रही हैं. अब तक इस महाघोटाले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें से 5 को कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि कल पुणे से गिरफ्तार 2 आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाकर कोर्ट में पेश किया जा रहा है.
नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार मनीषा मंधारे कौन है?
मनीषा गुरुनाथ मंधारे पुणे की एक सीनियर बॉटनी टीचर हैं, जो एनटीए की तरफ से नीट-यूजी
2026 परीक्षा प्रक्रिया में एक एक्सपर्ट के तौर पर शामिल थीं.
मनीषा मंधारे ने पेपर लीक की घटना को कैसे अंजाम दिया?
मनीषा ने एनटीए एक्सपर्ट के रूप में बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्नपत्रों तक अपनी पहुंच का फायदा उठाया. उसने पुणे स्थित अपने घर पर ‘स्पेशल कोचिंग क्लास’ चलाकर छात्रों को असली परीक्षा के सवाल रटाए और किताबों में मार्क करवाए.
CBI ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में अब तक कुल कितने लोगों को गिरफ्तार किया है?
CBI ने इस मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
यह मामला CBI ने कब और किसकी शिकायत पर दर्ज किया था?
CBI ने यह मामला 12 मई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर दर्ज किया था.