भिलाई के कुम्हारी में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।
भिलाई नगर – कुम्हारी में हुए आगजनी कांड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस घटना में बिजली के खंभे में शॉट सर्किट से चिंगारी निकली। कुछ ही सेकंड बाद घर में रखे गैस सिलिंडर में ब्लास्ट हो गया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक मृतक सदस्य के परिवार को 9-9 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। मंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच के आदेश भी दिए हैं।

घटना के दौरान घर में सो रहे थे सभी
पुलिस के अनुसार आग इतनी तेजी से फैला कि घर के भीतर सो रहे चार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। मृतकों की पहचान 45 साल के होमदास उर्फ अनिल वैष्णव, उसकी 18 साल की बेटी लक्ष्मी वैष्णव, 17 साल की बेटी चांदनी वैष्णव और डेढ़ साल की नतिनी गोपिका के रूप में की गई है।
भूपेश बघेल ने की सरकार से मुआवजे की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मृतक परिवार से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण चार लोगों की मौत हुई। बघेल ने अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने मृतक के परिवार को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की।






