रायपुर – छत्तीसगढ़ के चिरमिरी शहर में दशकों पुरानी बिजली समस्या अब खत्म होने जा रही है। आजादी के बाद से एसईसीएल क्षेत्र के आसपास रहने वाले हजारों परिवार अब तक सरकारी बिजली सुविधा से वंचित थे, लेकिन अब मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत शहर के सभी वार्डों तक सरकारी बिजली पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है।
राज्य शासन ने इस परियोजना के लिए 53.08 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। पुराने बजट की शेष राशि को जोड़कर कुल 53.57 करोड़ रुपये से वर्ष 2026-27 में विद्युत अधोसंरचना विकास कार्य शुरू किया जाएगा। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) का नेटवर्क चिरमिरी के सभी वार्डों तक विस्तार किया जाएगा।






