अमरावती जिले के अचलपुर-परतवाडा जुड़वा शहर में नाबालिग सह युवतियों से मित्रता कर उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करने वाले प्रकरण को लेकर नागरिकों में भारी रोष देखा जा रहा है।
इस वारदात में पुलिस द्वारा अब तक मुख्य आरोपी अयान अहमद, तनवीर अहमद (19) सहित उजेर खान इकबाल खान (20), मो. साद मो. साबीर (22), तरबेज खान तसलीम खान (24) (सभी अचलपुर) सहित चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
इस प्रकरण में और भी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता है, जिसमें आरोपियों की संख्या बढ़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा जांच में गति प्रदान करने हेतु 46 लोगों की टीम का गठन किया गया है। इधर इस घटना को लेकर अचलपुर-परतवाडा बंद रहा।
वहीं नगर प्रशासन द्वारा आरोपी के घर के अतिक्रमित हिस्से में बुलडोजर से कार्रवाई कर गिरा दिया गया। इस वारदात को लेकर सत्ताधारी तथा विपक्ष ने भी पुरजोर नाराजगी व्यक्त की है। वहीं अल्पसंख्यक समाज द्वारा भी सामने आकर इस घटना को लेकर निषेध व्यक्त किया जा रहा है।
बयान देने सामने आ रहे पीड़ित परिवार
विशेष गत कुछ दिनों से यह प्रकरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, लेकिन इस वारदात को सामने लाने में अहम भूमिका निभाने वाले अचलपुर क्षेत्र के विधायक प्रवीण तायडे के दबाव पश्चात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर सोमवार रात ही गिरफ्तार किया गया।
मंगलवार को गिरफ्तार किए गए अयान अहमद के बाद गुजर खान साहद और तरबेज को हिरासत में लिया गया है। अमरावती पुलिस (Amravati Police) प्रशासन द्वारा आरोपियों के मोबाइल सहित संपर्क सूत्र खंगाल रही है। इस संदर्भ में पुलिस प्रशासन द्वारा जानकारी देने वालों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाने के बाद पीड़ित परिवार धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं, जिससे पुलिस को जांच में गति मिल रही है।
इस बीच संभवतः राज्य में पहली बार आरोपी के खिलाफ दोनों ही समाज के नागरिकों में रोष देख कार्रवाई करते हुए नगर परिषद अचलपुर अतिक्रमण विभाग ने बुलडोजर से आरोपी के मकान का अतिक्रमण वाला कुछ हिस्सा तोड़ने की कार्रवाई की।






