रायपुर – पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो सुनियोजित तरीके से भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन पार कर रहा था। इस गिरोह की खास बात यह रही कि इसमें अधिकांश सदस्य महिलाएं थीं, जो शक से बचने के लिए खुद ही वारदात को अंजाम देती थीं। पुलिस ने इस मामले में 7 महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया है, साथ ही उनके इस्तेमाल में लाई जा रही इनोवा कार भी जब्त कर ली गई है।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब डीडी नगर इलाके में एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई। पीड़िता अपने घर के पास सब्जी लेने गई थी, तभी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन उड़ा ली। इसी तरह की घटनाएं शहर के सरस्वती नगर और गोलबाजार क्षेत्र में भी सामने आईं, जिससे पुलिस को शक हुआ कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।






