अंबिकापुर में दुष्कर्म और हत्या की घटना पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व सख्त सजा की मांग की।
अंबिकापुर – सरगुजा जिला के अंबिकापुर रिंग रोड स्थित महामाया चौक क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म और बेरहमी से हत्या की घटना से पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस जघन्य वारदात को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर आज रो रहा है और हर संवेदनशील व्यक्ति शर्मसार है। हमारी एक बेटी के साथ हुई यह दरिंदगी दिल्ली के निर्भया कांड जैसी दिल दहला देने वाली है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब बेटियाँ सड़कों पर भी सुरक्षित नहीं हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि यह घटना कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाती है। जब शहर का सबसे व्यस्त इलाका भी सुरक्षित नहीं है, तो सरकार किस बात का शासन चला रही है। टीएस सिंहदेव ने इस मामले में तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने व्यक्तिगत राय में ऐसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड की भी वकालत की। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। न्याय में देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






