Home देश ‘असम का CM,भारत का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री…’, चुनावी मंच से राहुल का...

‘असम का CM,भारत का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री…’, चुनावी मंच से राहुल का हिमंत बिस्वा सरमा पर बड़ा हमला

29
0

असम – कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2 अप्रैल गुरुवार को असम के बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग का जिक्र करते हुए विचारधाराओं की लड़ाई का मुद्दा उठाया।

जुबिन गर्ग पर क्या बोले राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि जुबिन गर्ग हमेशा एकता, भाईचारे और सम्मान की बात करते थे। उन्होंने लोगों को जोड़ने का काम किया और हर व्यक्ति के साथ समान व्यवहार किया। राहुल गांधी के अनुसार, जुबिन गर्ग की सोच मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की विचारधारा के बिल्कुल विपरीत थी। उन्होंने कहा कि असम का मौजूदा चुनाव ‘दो विचारधाराओं की लड़ाई’ है—एक तरफ प्रेम, सद्भाव और एकता है, जबकि दूसरी ओर नफरत, हिंसा और अहंकार।

‘असम के CM भ्रष्ट मुख्यमंत्रियों में से एक हैं’

कांग्रेस सांसद ने जनता से पार्टी उम्मीदवार रतन इंगती के समर्थन में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसी सरकार बनाएगी जो गरीबों और आम लोगों के हित में काम करेगी। अपने भाषण में राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सरमा पर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने राजनीतिक जीवन में जिनके साथ भी काम किया, उन्हें धोखा दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्रियों में से एक हैं और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में लैंड एटीएम चला रहे हैं। राहुल गांधी के मुताबिक, आम लोगों की जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही है।

राहुल ने अपने भाषण में समाज को जोड़ने का संदेश दिया

राहुल गांधी ने असम की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए शंकर देव, ज्योति प्रसाद अग्रवाल, भूपेन हजारिका और तरुण गोगोई जैसी हस्तियों को याद किया। उन्होंने कहा कि इन सभी महान व्यक्तित्वों ने समाज को जोड़ने और प्रेम फैलाने का संदेश दिया।