Home छत्तीसगढ़ ‘उसी लड़की से शादी कराओ, वरना कूद जाऊंगा…’ मोबाइल टावर पर चढ़...

‘उसी लड़की से शादी कराओ, वरना कूद जाऊंगा…’ मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक, 4 घंटे तक चला ड्रामा

35
0

‘उसी लड़की से शादी कराओ, वरना कूद जाऊंगा…’ मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक, 4 घंटे तक चला ड्रामा

अंबिकापुर – छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक युवक ने पसंद की युवती से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। करीब 40 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक चार घंटे तक कूदने की धमकी देता रहा। पुलिस और परिजनों की समझाइश के बाद जब वह नीचे उतरा, तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र की है, जहां मंगलवार सुबह छीरोपारा निवासी 27 वर्षीय युवक अचानक टावर पर चढ़ गया। उसने साफ कहा कि यदि उसकी शादी मनपसंद लड़की से नहीं कराई गई, तो वह कूदकर जान दे देगा। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।

करीब चार घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई। युवक बार-बार अपनी जिद दोहराता रहा। आखिरकार परिजनों ने उसे समझाने के लिए उसकी बात मानने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह खुद नीचे उतर आया।

हालांकि, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। संबंधित युवती ने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि युवक उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था और जबरन शादी का दबाव बना रहा था। उसने किसी भी प्रकार के प्रेम संबंध से इनकार किया है और छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार, युवक और युवती एक ही गांव के निवासी हैं। युवक पहले भी परिवार के सामने शादी की जिद कर चुका था, लेकिन युवती की असहमति के बावजूद उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने टावर से उतरते ही युवक को हिरासत में लिया और बाद में अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक टावर पर बैठा नजर आता है और नीचे पुलिस व ग्रामीण उसे समझाने की कोशिश करते दिखते हैं।