रायपुर – राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल वीआईपी रोड पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। फुंडहर चौक पर ओवरपास निर्माण को लेकर राज्य सरकार ने प्रशासनिक मंजूरी दे दी है, जिससे इस इलाके की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने वाला है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार इस परियोजना के लिए करीब 56 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह ओवरपास शहर के उस अहम मार्ग पर बनाया जाएगा, जो स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को नया रायपुर से जोड़ता है। इस रूट पर हर दिन भारी संख्या में वाहनों का दबाव रहता है, जिसके चलते फुंडहर चौक पर जाम की स्थिति आम बात हो गई है।






