रायपुर – मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में स्थित आई टी आई भवन में चोरी की घटना सामने आई है। ठेकेदार के अधिकृत प्रतिनिधि राजेन्द्र शुक्ला ने थाना प्रभारी को दी गई रिपोर्ट में बताया है कि 18 मार्च को साईट निरीक्षण करने पर पता चला कि खिड़कियों में आग लगाने का असफल प्रयास किया गया है और कमरे का ताला तोड़कर 02 ट्यूब लाइट व स्विच बोर्ड चोरी कर लिया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान लगाए गए सी सी टी वी को कुछ दिन पहले निकाला गया था और अब यह घटना हुई है। उनका कहना है कि ग्राम के ही कुछ नशेड़ी असमाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। इससे पहले भी ग्राम में चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिनमें से कुछ की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ग्रामीणों ने थाना प्रशासन से आग्रह किया है कि पुलिसिया रिकार्डधारी सहित संदिग्ध तत्वों को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की जाए, जिससे इस घटना और पुरानी घटनाओं में शामिल तत्वों का खुलासा हो सके।






