Home छत्तीसगढ़ कंधार एयरपोर्ट के फ्यूल डिपो पर पाकिस्तानी हमला, 1500 टन ईंधन तबाह,...

कंधार एयरपोर्ट के फ्यूल डिपो पर पाकिस्तानी हमला, 1500 टन ईंधन तबाह, इलाके में बढ़ा तनाव

12
0

काबुल – पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में फिर से हवाई हमला किया है। काबुल और नांगरहार में हुए इन हमलों में कई बच्चों समेत छह लोग मारे गए और 12 घायल हुए हैं। पाकिस्तान ने कंधार एयरपोर्ट के पास प्राइवेट एयरलाइन काम एयर के ईंधन भंडार पर बमबारी कर उसे नष्ट कर दिया है। ये हमले गुरुवार-शुक्रवार की रात हुए।अफगानिस्तान ने भी इन हमलों का जवाब दिया है और पाकिस्तान के कोहाट स्थित सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया है। चीन की शांति स्थापित करने की कोशिशों के बीच पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर ताजा हमला किया है।काबुल के बाहरी इलाके में रहने वाले 35 वर्षीय मुर्सलीन का परिवार इस हमले से प्रभावित हुआ है। उनकी बहन और दो बच्चे हमले में घायल हुए हैं और मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।

तालिबान ने बताया है कि जिस तेल डिपो पर हमला किया गया उससे अफगानिस्तान के विमानों के साथ संयुक्त राष्ट्र के विमान भी ईंधन लेते थे। चीन के शांति प्रयास के चलते एक सप्ताह से दोनों देशों में लड़ाई रुकी हुई थी।चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने लड़ाई रोकने के लिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नेतृत्व को संदेश भेजे थे। विदित हो कि दोनों देशों की 2,600 किलोमीटर की साझा सीमारेखा है जिस पर कई स्थानों पर विवाद है।

अफगानिस्तान अंग्रेजों की निर्धारित की गई डूरंड लाइन को नहीं मानता है। वह इलाके बांटे जाने में अपने साथ हुए भेदभाव की शिकायत करता है। ताजा लड़ाई की वजह पाकिस्तान में कट्टरपंथी संगठन पाकिस्तान तालिबान के आतंकी हमले हैं।पाकिस्तान इन हमलों के लिए अफगानिस्तान को जिम्मेदार बताता है जबकि अफगानिस्तान इन हमलों के लिए पाकिस्तान में रहने वालों के असंतोष को कारण बताता है जो जब-तब फूटता रहता है।

पाकिस्तान में होने वाले आतंकी हमलों को अफगानिस्तान उसका आंतरिक मामला बताता है और उसके लिए पाकिस्तान की कानून व्यवस्था की कमजोर स्थिति को जिम्मेदार मानता है। अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमले पिछले कई महीनों से रह-रहकर हो रहे हैं।

फरवरी में पाकिस्तान ने लगातार कई दिनों तक काबुल समेत अफगानिस्तान के कई शहरों पर हमले किए थे। फरवरी में हुए पाकिस्तानी हमलों में अफगानिस्तान में 56 लोग मारे गए थे और 128 घायल हुए थे। अफगानिस्तान ने भी इन हमलों का जवाब दिया था और पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ड्रोन किया था।