रायपुर – खस्ताहाल कठिया आउटलेट से सिंचाई में होने वाली दिक्कतों की ओर ध्यानाकर्षण कराये जाने पर शासन ने इसके रिमाडलिंग व लाइनिंग कार्य के प्रस्ताव को बजट में शामिल तो कर लिया है पर इसे आज तक प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिल पाया है । चालू वित्तीय वर्ष में ही इसे प्रशासकीय स्वीकृति दिलाने की मांग को ले क्षेत्रीय सांसद बृजमोहन अग्रवाल व क्षेत्रीय विधायक व मंत्री गुरू खुशवंत सिंह को ज्ञापन सौंपा गया है ।
महानदी जलाशय परियोजना के जल प्रबंध संभाग क्रमांक 01 के अधीनस्थ आने वाले जल उपभोक्ता संस्था टेकारी के अंतर्गत आता है कठिया आउटलेट । जीर्ण – शीर्ण इस आउटलेट से सिंचाई में होने वाली दिक्कतों की ओर ग्रामीणों एवं सिंचाई पंचायत द्वारा लगातार ध्यानाकर्षण कराये जाने पर बजट में शामिल यह कार्य आज तक प्रशासकीय स्वीकृति की बाट जोह रहा है।
आसन्न 31 मार्च को वर्तमान वित्तीय वर्ष समाप्त होने के मद्देनजर टेकारी जल उपभोक्ता संस्था के अध्यक्ष रहे भूपेन्द्र शर्मा के साथ गये ग्रामीणों के एक प्रतिनिधि मंडल ने जहां क्षेत्रीय सांसद को वहीं क्षेत्रीय जनपद सदस्य राजू मनहरे के साथ पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने क्षेत्रीय विधायक को ज्ञापन सौंप इस कार्य को इसी वित्तीय वर्ष में प्रशासकीय स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया है ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके व किसानों को प्रभावी सिंचाई सुविधा मिल सके ।






