मरवाही – कांग्रेस ने आज साय सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने गौरेला स्थित भाजपा जिला कार्यालय के बाहर छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बलरामपुर में हो रही अफीम की अवैध खेती के मुद्दे को लेकर जमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदेश में अफीम की अवैध खेती को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध जताते हुए गौरेला के जिला भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में मादक पदार्थ अफीम की खेती सरकार के संरक्षण में की जा रही है और इस अवैध गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में नशे के खिलाफ गंभीर है तो उसे अवैध अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी और प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।






