Home देश पंडाल और दूल्हा-दुल्हन तैयार, कल बेटी की शादी आज मां सिलेंडर की...

पंडाल और दूल्हा-दुल्हन तैयार, कल बेटी की शादी आज मां सिलेंडर की लाइन में लगी, इंतजार के बाद खाली हाथ लौट घर

18
0
मधुबनी – ताजा मामला मधुबनी जिला अंतर्गत श्रीपुर हाटी पंचायत एचपी गैस गोदाम का है. जहां गायत्री देवी एक भी सिलेंडर नहीं मिला है. एजेंसी वाले कह रहे हैं शादी के तीन दिन बाद आकर सिलेंडर ले जाना.. बता दें कि, उनकी बेटी की कल 13 मार्च को शादी है, पंडाल तैयार, घर में लोग आए हैं, दूल्हा दुल्हन सात फेरे लेने का बेसब्री से कल का इंतजार कर रहे और मां रो रही है कि शादी कैसे होगी? जब खाना नहीं बनेगा तो बाराती क्या खाएंगे.
एलपीजी सिलेंडर को लेकर जगह-जगह मारामारी चल रही है. हर गैस गोदाम या एजेंसी पर लंबी लाइन लगी है. सुबह से घंटों इंतजार के बाद किसी एक को सिलेंडर मिलता है और किसी को खाली हाथ लौट जाना पड़ रहा है. पूरे भारत में गैस की समस्या आ रही है और इसकी वजह अलग-अलग बताई जा रही है. ऐसे में मधुबनी जिला अंतर्गत श्रीपुर हाटी HP गैस एजेंसी पर लोकल 18 की टीम पहुंची वहां गायत्री देवी नाम की महिला मिली जो बेहद परेशान हताश होकर खड़ी थी. उनसे बात की तो उन्होंने कहा कल मेरी बेटी की शादी रुक जाएगी..
घर में शादी और गैस सिलेंडर नहीं
गायत्री देवी की बेटी की शादी कल है, लेकिन उन्हें एक भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. उनका कहना है कि एजेंसी से बताया जा रहा है कि सिलेंडर अब 16 तारीख को आएगा. उन्होंने पड़ोसियों और रिश्तेदारों से गैस कार्ड तक लेकर कोशिश की, लेकिन कहीं ओटीपी नहीं आ रहा है तो कहीं यह कहकर मना कर दिया जा रहा है कि जिस सिलेंडर को तीन महीने पहले भरा गया था, वह अभी दोबारा नहीं मिलेगा.
वहीं लाइन में खड़ी एक दूसरी महिला भी कहती हैं कि इस समय लग्न का सीजन चल रहा है और ऐसे में सिलेंडर न मिलना बड़ी परेशानी बन गया है. उनका आरोप है कि एजेंसी पर बैठे लोग अलग-अलग बहाने बना रहे हैं. कई ऐसे लोग हैं जिनका काम पहचान होने पर तुरंत हो जा रहा है, लेकिन बाकी लोगों को टाल दिया जा रहा है. महिलाओं का कहना है कि वे जरूरत पड़ने पर ज्यादा पैसे देने को भी तैयार हैं, बस आज किसी तरह सिलेंडर मिल जाए.